Thursday, 1 July 2021

व्यंग्य : बढ़ता तापमान

पिछले कुछ वर्षों से पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ रहा है। पारा लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है। वैज्ञानिक हतप्रभ है कि आखिर क्या कारण हो गया कि कुछ वर्षों में ही धरती का तापमान इतना बढ़ गया। आनन — फानन में वैज्ञानिकों टीम बिठाई गई लेकिन जिसे इसका कारण जानने की जिम्मेदारी सौंप गयी।
बहुत से शोध और प्रयोंगों के बाद भी यह टीम किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने में नाकाम रही। सभी विशेषज्ञ परेशान थे कि आखिर क्या कारण है कि पृथ्वी का तापमान एकदम से इतना बढ़ गया है। चन्द महीनों में हीं कोरोना की वैक्सीन खोज निकालने वाले वैज्ञानिक इस मामले में खाली हाथ ही थे। 
एक दिन ऐसे ही एक हताश भारतीय वैज्ञानिक इन्टरनेट खंगाल रहा था। भटकते — भटकते वो एक न्यूज चैनल की वेबसाईट पर पहुंच जाता है। वेबसाईट पर प्रकाशित एक न्यूज से वो शॉक हो जाता है। कहते हैं ना कि कई बार जो काम बड़े — बड़े नामधारी विशेषज्ञ नहीं कर पाते उसे एक छोटा सा अनाम व्यक्ति कर देता है। इस मामले में भी कुछ ऐसा ही हुआ। वैज्ञानिक जिसे नहीं खोज पाये वो कारण इस न्यूज चैनल ने खोज निकाला। न्यूज चैनल पर कई खबरें पटी जिनके शीर्षक लगभग इस प्रकार थे 'फलां अभिनेत्री ने लगाई आग' 'फलां अभिनेत्री ने अपनी अदाओं से बढ़ाया तापमान' 'इस हसीन अभिनेत्री ने बरपाया कहर''फलां मशहूर अभिनेत्री ने बढ़ाई गर्मी'
खबरें देखकर वैज्ञानिक चकित रह गया। उसका बरसों का ज्ञान आज इन न्यूज चैनलों के आगे नतमस्तक था। उसने वैज्ञानिकों की टीम को तुरन्त इस बात की जानकारी दी गयी जो इस बारे में शोध कर रही थी। वे लोग गरमी के कारण को जानकर जितने आश्चर्यचकित थे उतने ही विवश भी क्योंकि सूर्य के कारण बढ़ते तापमान का उपाय तो उनके पास था लेकिन इस तापमान का उपाय उनके पास भी नहीं था।