लघु कथा
माधवी गुमसुम सी बैठी अतीत की यादों के पन्ने पलट रही थी, पांच साल पहले का वो दृश्य आज भी उसके जेहन में ताजा है जब एक सड़क दुर्घटना में सुनील उसे छोड़ कर चला गया था। माधवी पर तो मानों दुःखों का पहाड़ ही टूट गया था। उनकी शादी को महज 6 साल ही हुए थे। प्रतीक उस समय सिर्फ चार साल का था। माधवी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि सुनील इस तरह से उसे छोड़ कर चला जाएगा। उसके जाने के बाद माधवी सिलाई कर अपना गुजारा करती थी। वो इसी उधेड़बुन में खोई हुई ही थी कि घड़ी पर उसकी नजर पड़ी जो साढ़े तीन बजा रही थी। प्रतीक हमेशा तो तीन बजे आ जाता है आज आधा घण्टा ऊपर हो गया। विचारों के सागर में डूबती उतराती माधवी को समय का पता ही नहीं चला। वो दरवाजे की तरफ लपकी। तभी याद आया कि पड़ौस वाले शर्माजी बेटा भी तो प्रतीक के साथ ही पढ़ता है शायद उसके साथ ना चला गया हो। वो तुरन्त शर्माजी के घर की ओर भागी तो पता चला कि उनका बेटे की तबियत ठीक नहीं होने की वजह से वो स्कूल ही नहीं गया। अब तो माधवी का दिल बैठा जा रहा था। सभी पड़ौसियों से पूछ लिया लेकिन प्रतीक का पता नहीं चल रहा था। एक घण्टे से ज्यादा का समय हो गया था और माधवी के दिल में तो बस बुरे ख्याल ही हा रहे थे.‘‘.कहीं प्रतीक भी... नहीं नहीं ...... ऐसा नहीं हो सकता...’’
माधवी प्रतीक को ढूंढती ढूंढती घर की तरफ आई ही थी तभी पीछे से आवाज आई एक आवाज ने उसके कदम रोक दिए. माधवी मुड़ी तो देखा प्रतीक बस्ता लिए हंसता हुआ आ रहा था।
‘‘कहाँ था शैतान मैं कब से तुझे ढूंढ रही हूँ..’’
‘‘माँ.. वो बस स्टेण्ड पर कोई मदारी खेल दिखा रहा था तो मैं खेल देखने रूक गया’’
माधवी ने प्रतीक को अपने आँचल में छिपा लिया.। वो उसे अपने से चिपकाए लगातार रोए जा रही थी और प्रतीक उसके आँसूओं में नहाता हुआ मा़ँ के रोने के कारण को समझने का असफल प्रयास कर रहा था।
Sunday, 10 September 2017
माधवी
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment